सीजफायर के 51 घंटे बाद PM मोदी का संबोधन:’ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकियों के लिए चेतावनी है,पाकिस्तान से सिर्फ आतंक और POK पर होगी बात

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया। सीजफायर की घोषणा के 51 घंटे बाद आए इस संबोधन में पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले, ‘ऑपरेशन सिंदूर’, पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम, सिंधु जल समझौते और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख रखा।

पहलगाम हमला: ‘देश का हर नागरिक आक्रोशित’
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को “दुनिया को झकझोर देने वाला” करार दिया। उन्होंने कहा कि निर्दोष पर्यटकों पर बच्चों के सामने किया गया यह हमला न केवल वीभत्स था, बल्कि देश की सामाजिक एकता को तोड़ने की साजिश थी। प्रधानमंत्री ने इसे व्यक्तिगत पीड़ा का विषय बताया और कहा कि पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है।

ऑपरेशन सिंदूर: ‘हमने आतंकियों को मिटा दिया’
प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, “जिसने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें मिटा दिया।” भारतीय सेनाओं को आतंकवादियों के खिलाफ खुली छूट दी गई थी और इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया।

उन्होंने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकी अड्डों को ड्रोन और मिसाइलों के ज़रिए निशाना बनाया। ऑपरेशन सिंदूर ने तीन स्पष्ट संदेश दिए हैं:

  1. आतंकी हमला हुआ तो जवाब ज़रूर मिलेगा, अपने तरीके से।
  2. न्यूक्लियर ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  3. आतंकियों और उन्हें समर्थन देने वाली सरकार को अलग नहीं देखा जाएगा।

आतंकवाद पर कड़ा प्रहार: ‘पाकिस्तान की हकीकत उजागर हुई’
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को संरक्षण देने का आरोप दोहराया। उन्होंने कहा कि बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकाने ग्लोबल टेररिज्म के केंद्र रहे हैं और 9/11 से लेकर भारत में हुए बड़े आतंकी हमलों तक इनके तार वहीं से जुड़ते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकियों की मौत के बाद पाकिस्तान में सेना के बड़े अधिकारियों द्वारा उन्हें अंतिम विदाई देना, उसके स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म का प्रमाण है।

सीजफायर पर भारत का रुख: ‘एकतरफा नहीं, हालात देखकर फैसला होगा’
मोदी ने बताया कि पाकिस्तान ने भारी नुकसान के बाद वैश्विक मंचों पर तनाव कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत ने केवल कार्रवाई स्थगित की है, रोकी नहीं है। भविष्य में पाकिस्तान का रवैया देख कर अगला कदम उठाया जाएगा।

सिंधु जल और POK: ‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत की नीति है—टेरर और टॉक एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से अगर बातचीत होगी तो केवल आतंकवाद और PoK पर होगी। “खून और पानी एकसाथ नहीं बह सकते,” उन्होंने दोहराया।

बुद्ध पूर्णिमा पर शांति का संदेश
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में शांति के लिए शक्ति आवश्यक है। “विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब देश शक्तिशाली होगा। आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग भी जरूरी है।”

उन्होंने अंत में भारतीय सेनाओं को सलाम करते हुए देशवासियों से एकजुट रहने का आह्वान किया।