पश्चिम बंगाल के मालदा में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि राज्य के सामने सबसे बड़ी चुनौती अवैध घुसपैठ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के कई इलाकों में आबादी का संतुलन बिगड़ रहा है और टीएमसी घुसपैठियों को वोटर बनाकर गरीबों का हक छीन रही है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार को आम लोगों की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। बंगाल देश का इकलौता राज्य है जहां आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दी गई। उन्होंने इसे “पत्थरदिल सरकार” करार देते हुए कहा कि ऐसी सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मालदा में भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। इस दौरान उन्होंने ट्रेन के ड्राइवर और यात्रियों, खासकर बच्चों से बातचीत भी की। इसके साथ ही पीएम ने पश्चिम बंगाल में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया और वर्चुअली चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रवाना किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वी भारत के लोगों का भरोसा भाजपा के साथ है। उन्होंने महिला सुरक्षा, बाढ़ राहत में कथित भ्रष्टाचार और टीएमसी पर गुंडागर्दी के आरोपों का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित और समृद्ध देश भी घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रहे हैं, ऐसे में पश्चिम बंगाल में भी अवैध घुसपैठ को रोकना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर सुशासन, विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

