धर्मांतरण विरोधी कानून पर सियासी टकराव:कैबिनेट विधि मंत्री बोले—कांग्रेस फैला रही भ्रामक जानकारी

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 23 नवम्बर। विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजस्थान विधिविरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध विधेयक-2025 कानून पर दिए गए बयानों पर जोरदार पलटवार किया। 

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता पुरानी मानसिकता के चलते धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध कानून के विरुद्ध अनर्गल बयान देते हुए आमजन को भड़का रहे हैं। किसी धर्म, जाति या मजहब का साथ देना स्वीकार्य है, लेकिन लोकतंत्र प्रक्रियाओं का पालन करते हुए राजस्थान विधानसभा में पारित कानून के विरुद्ध जानबूझकर गलत शब्दावली का प्रयोग करना सही नहीं है। ये घोर निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के बयान किसी एक धर्म विशेष के प्रति राजनीतिक स्वार्थपूर्ति को दर्शाते हैं। विधि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा  क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में अनुसूचित जाति की बालिका को बहला-फुसला कर धर्मांतरण करवाया जा रहा है, जिसकी वो हिमायत कर रहे हैं। 

विधि मंत्री ने कहा कि राजस्थान पहला प्रदेश है जिसने धर्मान्तरण के विरूद्ध सख्त से सख्त कानून बनाया है। सजा, जुर्माना, संगठित रूप से अपराधिकारित, अपराध का रिपीटेशन के संबंध में सख्त प्रावधान किए गए हैं।