नागौर में GSS के उद्घाटन पर सियासत गर्म,ऊर्जा मंत्री और सांसद हनुमान बेनीवाल आमने-सामने

Politics Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के नागौर ज़िले में रविवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख व सांसद हनुमान बेनीवाल के बीच राजनीतिक तकरार खुलकर सामने आई। हिलोड़ी गांव में ग्रिड सब-स्टेशन (GSS) के उद्घाटन के दौरान मंत्री नागर ने नाम लिए बिना सांसद बेनीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि “विकास कोई भी कराए, लेकिन कुछ नेताओं को अपना नाम छपवाने का शौक होता है।”

“हम काम कर रहे, क्रेडिट कोई और ले रहा है”: ऊर्जा मंत्री

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नागौर के हिलोड़ी गांव में 1.4 करोड़ रुपये की लागत से बने 33/11 केवी के GSS का उद्घाटन किया और पांच नए GSS का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “जब विधानसभा उपचुनाव के दौरान यहां आया था तो बिजली की हालत खराब थी। अब सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग इसका श्रेय लेने की होड़ में रहते हैं।”

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में बिजली वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए कई नए GSS बनाए हैं और किसानों को बिना ट्रिपिंग के पर्याप्त बिजली दी जा रही है।

कांग्रेस सरकार पर निशाना

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नागर ने कहा, “पिछली सरकार ने पांच साल में सिर्फ तीन GSS बनाए। हमने डेढ़ साल में ही नौ GSS स्वीकृत कर दिए हैं। कांग्रेस ने बिजली के नाम पर केवल वोट मांगे और प्रदेश पर 1.39 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ गई।”

सांसद हनुमान बेनीवाल का तीखा पलटवार

ऊर्जा मंत्री के तंज का जवाब देते हुए नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जो उद्घाटन हुए हैं, वे उनकी पहल का नतीजा हैं। बेनीवाल ने कहा, “2023 में मैंने अजमेर डिस्कॉम के एमडी दफ्तर के बाहर धरना दिया था, तब जाकर ये 13 GSS स्वीकृत हुए थे। इनमें से एक भी भाजपा सरकार की नई मंजूरी नहीं है।”

उन्होंने मंत्री नागर की जानकारी और राजनीतिक पृष्ठभूमि पर भी हमला बोला। बेनीवाल ने आरोप लगाया, “उन्हें प्रोटोकॉल तक की जानकारी नहीं है। जिन योजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें सांसद का नाम तक पट्टिकाओं में नहीं लिखा गया, जबकि सरपंच का नाम है। ये वही मंत्री हैं जो कभी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के बंगले पर चाय-पानी की व्यवस्था करते थे, उसी का इनाम मिला है।”

बिजली परियोजनाओं पर श्रेय की जंग

नागौर ज़िले में बिजली से जुड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बहाने भाजपा और RLP के नेताओं के बीच राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ तेज़ हो गई है। एक तरफ ऊर्जा मंत्री सरकार की उपलब्धियों को गिनवा रहे हैं, तो दूसरी ओर सांसद बेनीवाल इन योजनाओं का श्रेय खुद को देते हुए भाजपा सरकार पर तीखे हमले कर रहे हैं।