जयपुर, 3 अप्रैल: पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI) ने अपने 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर में नए चैप्टर का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान के मिनी थिएटर में किया गया, जिसकी शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन और PRCI एंथम के साथ हुई।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR) के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. गोर्धन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संचार मानवता की सबसे बड़ी ताकत है और जनसंपर्क का उद्देश्य लोगों को जोड़ना और आपसी समझ को बढ़ावा देना होना चाहिए।
PRCI के चेयरमैन एमेरिटस एम.बी. जयराम ने वीडियो संदेश के जरिए जयपुर चैप्टर के पुनर्गठन को लेकर खुशी जताई और नई टीम को प्रभावी नेतृत्व के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, PRCI की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता शंकर ने भी इसे संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और नई टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर PRCI के नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अविनाश गवाई ने कहा कि जयपुर चैप्टर की शुरुआत जनसंपर्क और मीडिया क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण रहा। सोमेंद्र हर्ष को चेयरमैन और सनी कुलश्रेष्ठ को सचिव नियुक्त किया गया। इनके साथ पंकज वधवानी कोषाध्यक्ष, अंशु हर्ष उपाध्यक्ष और डॉ. संजीव भनावत व डॉ. एन.डी. माथुर मार्गदर्शक की भूमिका में शामिल हैं।
इसके अलावा, कार्यकारिणी समिति में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए सोशल मीडिया, कंटेंट, मीडिया, इवेंट मैनेजमेंट और तकनीकी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए।
PRCI एक राष्ट्रीय स्तर का मंच है, जो जनसंपर्क, मीडिया और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से जुड़े पेशेवरों को जोड़ता है और देश के 60 से अधिक शहरों में सक्रिय है।
जयपुर चैप्टर के शुभारंभ को शहर के संचार पेशेवरों के लिए एक नए अवसर के रूप में देखा जा रहा है, जो सहयोग, नवाचार और पेशेवर विकास को बढ़ावा देगा।

