प्रधानमंत्री का आह्वान करेगा नए वातावरण का सृजन:शेखावत

Rajasthan

जोधपुर, 21 सितंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान देश में नए वातावरण का सृजन करेगा। देश को स्वदेशी के मार्ग से आत्मनिर्भरता की ओर लेकर जाएगा।

रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन पर अपनी प्रतिक्रिया में शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संदेश में जीएसटी सुधारों के उद्देश्य को बड़ी सरलता से समझाया। उनका स्पष्ट संदेश है कि भारत का भविष्य हम भारतीयों के अपने हाथों में है। हम किसी पर निर्भर नहीं रह सकते, हमें अपनी ताकत और अपनी क्षमता से ही विकसित बनना है। शेखावत ने कहा कि “जीएसटी बचत उत्सव” मध्यम वर्ग, व्यापार जगत और आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की सौगात है। यह कदम अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगा और घरेलू उद्योगों व उत्पादन को मजबूती प्रदान करेगा। स्वदेशी अपनाने की भावना निश्चित ही देश को आत्मनिर्भर बनाएगी। दीपावली के पूर्व नवरात्रि के अतिशुभ अवसर पर जीएसटी उत्सव खुशहाली के दीपक प्रज्वलित करने का प्रतीक बनकर आया है।

शेखावत ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स के चलते हर परिवार को बचत होगी। दुकानदार इस बचत का लाभ खरीदार को दें। हर ऐसे दुकानदार का धन्यवाद करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जाएं। केंद्रीय मंत्री ने साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा है, उनका जो मार्गदर्शन था, जो देश का आह्वान था, उसे पूरा देश ऊर्जा के साथ में लेता है।