रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान पुतिन ने अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हाल ही में हुई अपनी मुलाकात का ब्यौरा साझा किया।
वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान खोजने पर जोर दिया और कहा कि भारत इस दिशा में किए जा रहे हर प्रयास का समर्थन करता है। साथ ही, मोदी ने पुतिन को बातचीत में पारदर्शिता दिखाने और बैठक से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद दिया।
दोनों नेताओं ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर भी चर्चा की।
इसी बीच, अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल और हथियार खरीदने के कारण अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। यह 27 अगस्त से लागू होगा, जिसके बाद भारत पर कुल 50% टैरिफ का बोझ पड़ेगा।

