राजस्थान में आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने जयपुर में वरिष्ठ नेताओं की बैठक की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में स्थानीय मुद्दों, चुनावी रणनीति और जिलों से मिले फीडबैक पर चर्चा की गई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के 27 जिलों के जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग चरणों में बैठक कर चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
कांग्रेस ने नगर निकाय और पंचायत चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था भी शुरू की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इसके लिए एक लिंक और क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक नेता और कार्यकर्ता आवेदन कर सकेंगे।

