स्वच्छता सर्वेक्षण में राजस्थान की बड़ी छलांग,जयपुर पहली बार देश के टॉप 20 शहरों में शामिल

Front-Page Jaipur Rajasthan

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में राजस्थान ने साफ-सफाई के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य के डूंगरपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया गया है, जबकि जयपुर के दोनों नगर निगम — ग्रेटर और हेरिटेज — इतिहास में पहली बार टॉप 20 शहरों की सूची में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।

डूंगरपुर बना राज्य का सबसे स्वच्छ शहर

20 से 50 हजार की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में डूंगरपुर को “स्वच्छता सुपर लीग” में शामिल किया गया है। वहीं, जयपुर नगर निगम ग्रेटर को देशभर में 16वीं और हेरिटेज को 20वीं रैंक मिली है। दोनों ही निगमों को 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

जयपुर को ‘प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर’ का अवॉर्ड

जयपुर नगर निगम ग्रेटर को 1 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ‘प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर’ का अवॉर्ड भी मिला है। सफाई के मामलों में ग्रेटर को रेजिडेंशियल और कमर्शियल इलाकों में 100% अंक मिले हैं। साथ ही, कचरा संग्रहण और प्रोसेसिंग जैसे पहलुओं में भी ग्रेटर और हेरिटेज निगमों को तीन-स्टार रेटिंग दी गई है।

राजस्थान के टॉप 10 स्वच्छ शहर

राज्य में डूंगरपुर और जयपुर के बाद, स्वच्छता में उदयपुर तीसरे, सीकर चौथे, जैसलमेर पांचवें, भरतपुर छठे, चूरू सातवें, नाथद्वारा आठवें, पुष्कर नौवें और सांभर दसवें स्थान पर रहे।

स्वच्छता के प्रयासों में दिखा असर

नगर निगमों की रैंकिंग में सुधार के पीछे कई पहलें रहीं—जैसे कि वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, कंस्ट्रक्शन वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट की शुरुआत और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को मजबूत करना। जयपुर में नाइट स्वीपिंग और खुले कचरा डिपो हटाने जैसे कदम भी निर्णायक साबित हुए।

पूर्व नगर निगम ग्रेटर कमिश्नर रुक्मणि रियाड और हेरिटेज कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा की निगरानी में सर्वेक्षण की तैयारियां हुईं, जिनका असर रैंकिंग में साफ नजर आया।

राष्ट्रपति ने विज्ञान भवन में दिए अवॉर्ड

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों की घोषणा दिल्ली के विज्ञान भवन में गुरुवार को हुई, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों को सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे।

पिछले वर्ष, जयपुर के दोनों नगर निगमों की रैंकिंग 170 के पार थी, लेकिन इस बार पहली बार टॉप 20 में प्रवेश कर शहर ने स्वच्छता में एक नया मानदंड स्थापित किया है।