राजस्थान पंचायत चुनाव:धनतेरस के चलते बदला मतदान कार्यक्रम,पहले तीन चरणों की वोटिंग एक दिन पहले

Jaipur Politics Rajasthan

राजस्थान में पंचायत चुनाव के मतदान कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने धनतेरस को देखते हुए पहले तीन चरणों के मतदान की तारीखें एक दिन पहले करने का फैसला किया है। चौथे चरण के चुनाव कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नए कार्यक्रम के मुताबिक, पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर की जगह 22 अक्टूबर को होगा। वहीं वार्ड पंच और सरपंच के लिए मतदान 25 अक्टूबर के बजाय 24 अक्टूबर को कराया जाएगा।

दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 29 अक्टूबर की जगह 28 अक्टूबर को होगा। वार्ड पंच और सरपंच के चुनाव 31 अक्टूबर के बजाय 30 अक्टूबर को होंगे।

इसी तरह तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 4 नवंबर की जगह 3 नवंबर को होगा, जबकि वार्ड पंच और सरपंच के लिए मतदान 6 नवंबर के बजाय 5 नवंबर को कराया जाएगा।

जयपुर में जिला प्रमुख का पद सामान्य

जयपुर में इस बार जिला प्रमुख का पद अनारक्षित यानी सामान्य रखा गया है। इसका मतलब है कि किसी भी जाति या समुदाय का उम्मीदवार इस पद के लिए चुनाव लड़ सकता है।

जयपुर जिला परिषद के 57 वार्डों में से 28 वार्ड SC, ST और OBC वर्गों के लिए आरक्षित हैं, जबकि 29 वार्ड अनारक्षित हैं। अनारक्षित वार्डों से किसी भी वर्ग का उम्मीदवार चुनाव लड़ सकता है।