प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में देशभर में प्रथम स्थान पर रहा राजस्थान:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को दी बधाईअब तक 16 लाख से अधिक माताओं को 552 करोड़ रुपये का लाभ

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 10 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत राजस्थान राज्य की सितम्बर माह में देशभर में प्रथम रैकिंग में आने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और इस हेतु विभागीय अधिकारियों को बधाई दी है।

दिया कुमारी ने राजस्थान प्रदेश को महिला एवं बाल विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नम्बर एक बनाने का आह्वान किया है।

उपमुख्यमंत्री को विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत राजस्थान राज्य ने सितम्बर माह में जारी रैकिंग में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

30 दिवस में लाभार्थियों को नकद लाभ

उक्त रैकिंग योजना अंतर्गत लाभार्थियों के पंजीकरण, लाभार्थियों को भुगतान एवं 30 दिवस में लाभार्थियों को नकद लाभ अंतरण, कुल प्राप्त परिवादों के त्वरित निस्तारण के पैरा मीटर्स पर योजना में समग्र प्रगति के आधार पर जारी की जाती है।

16 लाख से अधिक लाभार्थियों को 552 करोड़ रुपये के लाभ दिये जाकर लाभान्वित

योजना अंतर्गत वर्ष 2023-24 से अब तक 16 लाख से अधिक लाभार्थियों को 552 करोड़ रुपये के लाभ दिये जाकर लाभान्वित किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि उक्त योजना अंतर्गत प्रथम बार गर्भवती हुई महिला को दो किस्तों में ₹5000 तथा द्वितीय बार गर्भवती हुई महिला को बालिका के जन्म एवं टीकाकरण पूर्ण करने पर ₹6000 की राशि आधार लिंक बैंक/ पोस्ट ऑफिस के खाते में एकमुश्त सशर्त लाभ अंतरण के रूप में हस्तांतरित की जाती है।