जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से शुरू हुई नियमित उड़ानें,कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम का ऐलान;गहलोत पर भी बरसे गजेंद्र सिंह शेखावत

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर: जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित विमान सेवाओं की शुरुआत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को उद्घाटन किए गए इस टर्मिनल से पहली नियमित उड़ान रवाना होने के अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहले यात्री का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। यात्रियों का पारंपरिक स्वागत किया गया और लंगा-मांगणियार कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच नए टर्मिनल का संचालन शुरू हुआ।

शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नए टर्मिनल के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे और अब यह परियोजना पूरी होने के साथ मारवाड़ क्षेत्र को आधुनिक हवाई सुविधाओं का लाभ मिलने लगा है। उनके मुताबिक पिछले एक दशक में जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों और उड़ानों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है तथा रेल और सड़क संपर्क के विस्तार के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है।

इसी दौरान आयोजित एक अलग प्रेस वार्ता में शेखावत ने बताया कि 26 जुलाई को जोधपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल सैन्य विजय का स्मरण नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का अवसर है। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध की प्रमुख चोटियों से जुड़े अभियानों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा तथा शहीदों और पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

शेखावत ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने में जनभागीदारी की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति प्लास्टिक की खपत कई विकसित देशों की तुलना में कम है, लेकिन प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण की चुनौती बनी हुई है। इस बार कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम के साथ प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश भी जोड़ा जाएगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल ही में गहलोत ने उनके सांसद रहते हुए किए गए विकास कार्यों पर सवाल उठाए थे, लेकिन अब जोधपुर आने पर उन्हें नया एयरपोर्ट टर्मिनल, रेलवे स्टेशन, फोरलेन सड़कें, एलिवेटेड रोड और अन्य विकास परियोजनाएं दिखाई देंगी। शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि इन परियोजनाओं को देखने के बाद “राजनीति का भ्रम” दूर हो जाएगा और विकास कार्य स्वयं जवाब देंगे।