रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री,भाजपा विधायक दल ने किया ऐलान

Front-Page National Politics

भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे भाजपा ने स्वीकार कर लिया। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ ने विधायकों से चर्चा के बाद उनकी नियुक्ति की घोषणा की।

इसके साथ ही प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री और विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

रेखा गुप्ता: शुरुआती जीवन और शिक्षा

रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। जब वे दो साल की थीं, तब उनका परिवार दिल्ली आकर बस गया, जहां उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में प्रबंधक थे।

दिल्ली में पली-बढ़ी रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से बी.कॉम किया और बाद में एलएलबी की डिग्री हासिल की।

राजनीतिक सफर

छात्र जीवन के दौरान रेखा गुप्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ीं और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष भी रहीं। भाजपा में उन्होंने दिल्ली प्रदेश महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। इससे पहले वे दक्षिण दिल्ली नगर निगम की महापौर भी रह चुकी हैं।