राजस्थान की राजनीति में हलचल तेज होती दिख रही है। नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक हनुमान बेनीवाल ने घोषणा की है कि 25 मई को जयपुर में राज्य सरकार के खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन होगा। यह प्रदर्शन 2021 की एसआई भर्ती को रद्द करने और राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्ण पुनर्गठन की मांग को लेकर किया जाएगा।
हनुमान बेनीवाल का कहना है कि जिस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत पेपर लीक के साये में हुई थी, उसमें आरपीएससी के दो सदस्य समेत कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके बावजूद सरकार कार्रवाई करने से कतरा रही है। उन्होंने कहा कि यह लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक लाख युवाओं के जुटने का दावा
बेनीवाल ने दावा किया कि 25 मई को राजधानी जयपुर में एक लाख युवा जुटकर अपने हक की आवाज बुलंद करेंगे। रैली की जगह को लेकर कहा गया है कि इसे संघर्ष समिति और पार्टी कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद जल्द घोषित किया जाएगा।
भाजपा सरकार पर निशाना
सांसद बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए थे, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद खुद उसी राह पर चल रही है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को एक जैसा बताते हुए कहा, “एक नागनाथ है तो दूसरी सांपनाथ।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अब व्हाइट हाउस (मुख्यमंत्री कार्यालय) के दबाव में काम कर रही है, जबकि विपक्ष में रहते हुए यही पार्टी भर्ती को रद्द करने के पक्ष में थी।
बेनीवाल ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ युवाओं के भविष्य की लड़ाई नहीं, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ जनजागरण का आंदोलन है, जो निर्णायक साबित होगा।

