मानसून सत्र के दूसरे दिन संसद में हंगामा,विपक्ष ने पहलगाम हमले और वोटर लिस्ट मुद्दे पर सरकार को घेरा

Front-Page National Politics

संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। जैसे ही सत्र शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने पहलगाम आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष की मांग है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन मुद्दों पर सदन में जवाब दें। हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

बिहार वोटर लिस्ट मुद्दे पर सड़क से संसद तक विरोध

दूसरी ओर, बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष ने संसद के बाहर मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत I.N.D.I.A गठबंधन के कई वरिष्ठ सांसद शामिल हुए।

मंत्रियों और विपक्षी नेताओं की अलग-अलग रणनीतिक बैठकें

कार्यवाही शुरू होने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई केंद्रीय मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संसद भवन में हुई। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा भी शामिल रहे। दूसरी ओर, विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने भी रणनीतिक चर्चा की।

संसद का मानसून सत्र: 32 दिन, 18 बैठकें

21 जुलाई से शुरू हुआ मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 18 बैठकें निर्धारित की गई हैं। स्वतंत्रता दिवस के समारोह को ध्यान में रखते हुए 13 और 14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।

सरकार इस सत्र में 8 नए विधेयक पेश करने जा रही है, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर जीएसटी संशोधन विधेयक 2025, नया आयकर कानून और राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक जैसे महत्वपूर्ण बिल शामिल हैं।

नया आयकर बिल संसद में पेश

सत्र के पहले दिन ही लोकसभा में नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय समिति की रिपोर्ट पेश की गई। यह 622 पन्नों का विधेयक मौजूदा 1961 के आयकर कानून को पूरी तरह बदल देगा। समिति ने इस पर कुल 285 सुझाव दिए हैं।