संजय सिंह 6 महीने बाद तिहाड़ जेल से रिहा:बोले-AAP आंदोलन की कोख से जन्मी,किसी से डरने वाले नहीं

Front-Page National

नई दिल्ली:-आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह 6 महीने बाद आज रात 8:15 बजे तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा हो गए। जेल से निकलकर उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद वह सीधे अरविंद केजरीवाल के घर गए। संजय ने अरविंद की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की, उनके पैर छुए।

इसके बाद संजय करीब 10:15 बजे आप पार्टी के ऑफिस पहुंचे। यहां गोपाल राय ने संजय को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। फिर संजय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (2 अप्रैल) को उन्हें दिल्ली शराब नीति केस में जमानत दी थी। लीगल प्रोसेस की वजह से कल रिहाई नहीं हो पाई थी।संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह जमानत की प्रक्रिया पूरा करने के लिए बुधवार को राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची थी। कोर्ट ने 2 लाख रुपए के जमानती बॉन्ड और इतने ही अमाउंट की सिक्योरिटी पर जमानत दे दी। संजय सिंह की पत्नी ने 2 लाख का बॉन्ड भरा।

कोर्ट ने संजय सिंह की जमानत के लिए तीन शर्तें रखीं। पहला- वे जेल से बाहर जाकर आबकारी नीति केस से जुड़ी कोई बयानबाजी नहीं करेंगे। दूसरा- अपना पासपोर्ट सरेंडर करेंगे। दिल्ली से बाहर जाने पर जांच एजेंसी को बताएंगे और अपनी लाइव लोकेशन शेयर करेंगे।

संजय सिंह बोले- हम आंदोलन की कोख से जन्में, किसी से डरने वाले नहीं

संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- मैं कहना चाहता हूं कि AAP का जन्म आंदोलन की कोख से हुआ है। हम किसी से नहीं डरते। हम तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं। हमारे कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार हैं। केजरीवाल, सिसोदिया, सत्येंद्र जैन का क्या गुनाह है।

जेल से छूटने के बाद संजय सिंह की पहली प्रतिक्रिया

आप नेता आतिशी बोलीं- यह सत्य की जीत है

संजय सिंह की रिहाई के बाद आप नेता आतिशी ने कहा- यह सत्य की जीत है। पिछले दो साल से इस फर्जी शराब घोटाले की जांच चल रही है। ED, CBI ने हजारों अफसर लगा लिए। सैकड़ों रेड कर ली लेकिन आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक रुपया भी नहीं मिला। आज संजय सिंह की रिहाई के साथ ही आप पार्टी की सच्चाई सबके सामने आई। सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार पूछा कि मनी ट्रेल कहां हैं, किसी के पास कोई जवाब नहीं था। इसीलिए ईडी बेल के खिलाफ नहीं गई I

आप नेता सौरभ भारद्वाज बोले- ये जश्न मनाने का समय नहीं

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, संजय सिंह अभी जेल से बाहर आए हैं और हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने (संजय सिंह) कहा कि यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष करने का समय है। हमारे तीन शीर्ष नेता- अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन अभी भी जेल में हैं। जब तक उन्हें रिहा नहीं किया जाता, हम जश्न नहीं मनाएंगे, हम संघर्ष करते रहेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने 2 मार्च को सुनवाई के दौरान ED से सवाल किया कि क्या संजय सिंह को और ज्यादा दिन जेल में रखे जाने की जरूरत है। कोर्ट ने आगे कहा कि 6 महीने तक वे जेल में रहे। जैसी बहस हुई है उस आधार पर संजय सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला।

ED बताए कि वो क्या करना चाहती है, क्योंकि अगर हमने ऑर्डर में लिख दिया कि इनके खिलाफ कोई केस नहीं बनता है तो ये आपके (ED) लिए नुकसानदेह हो सकता है। इस पर ED ने कहा कि हमें कोई दिक्कत नहीं है, इन्हें बेल दे दी जाए।

संजय सिंह पर क्या है आरोप

ED की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का जिक्र है। इसको लेकर ही 4 अक्टूबर को ED उनके घर पहुंची थी और उनसे 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।। दिल्ली शराब नीति केस में ED की दूसरी सप्लिमेंट्री चार्जशीट 2 मई को जारी की गई थी। जिसमें AAP सांसद राघव चड्ढा का भी नाम सामने आया था। हालांकि, उन्हें आरोपी नहीं बनाया।