जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में बुधवार को सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज़ हुआ, जिसमें राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सांसद मंजू शर्मा ने उनका स्वागत किया। दिया कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की।
स्टेडियम में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी मौजूद रहे और उपमुख्यमंत्री का जोरदार तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों के बेण्ड वादन और मार्च पास्ट की आकर्षक प्रस्तुतियों से हुई, जिसकी दिया कुमारी ने सराहना की।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व्यक्ति को फिट रखते हैं और जीत–हार खेल का हिस्सा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को समय की जरूरत बताया।
दिया कुमारी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देता है और नई प्रतिभाओं को सामने लाने का मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित कई मंत्री, विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में जनता से मुलाकात
खेल महोत्सव में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर जनसुनवाई भी की। बड़ी संख्या में लोग पानी, बिजली, सड़क, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर पहुँचे।
दिया कुमारी ने सभी आवेदकों की बातें ध्यान से सुनीं और साथ मौजूद अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की प्राथमिकता है और लोगों को राहत दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

