जयपुर, 4 अगस्त 2026। उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना तथा सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाना है। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रहेगी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को अभियान की शुरुआत जन्मस्थली गोवर्धनपुर (वाराणसी) से हुई, यहां से भव्य सभा एवं महाआरती के बाद प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल पवित्र कलश राजस्थान के लिए लेकर रवाना हुए। राजस्थान में 30 जुलाई को जयपुर आगमन के दौरान भरतपुर, दौसा एवं जयपुर सहित करीबन 54 विभिन्न स्थानों पर कलश का भव्य स्वागत किया गया। जयपुर आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कलश का श्रीराम मंदिर राजापार्क में भव्य स्वागत किया गया।
उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में विविध समाज के संतों, महंतों एवं गुरुओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उनका सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। अभियान के तहत 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास समरसता यात्रा निकाली जाएगी। श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान 26 नवम्बर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलाया जाएगा । इसमें प्रदेश के विभिन्न छात्रावासों में संत रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के साथ समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में युवाओं एवं विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत–2047” के संकल्प पर संवाद किया जाएगा तथा सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर चर्चा की जाएगी। डॉ बैरवा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि गुरु रविदास ने अपना संपूर्ण जीवन जातिगत भेदभाव को समाप्त करने और समाज को जोड़ने के लिए समर्पित किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का संकल्प साकार हो सकता है।
भाजपा महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत 5 अगस्त, 2026 को जयपुर स्थित सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में प्रात:10.30 प्रदेश स्तरीय पवित्र रज कलश वंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से प्राप्त पवित्र रज कलश 29 जुलाई को रवाना होकर 30 जुलाई को राजस्थान पहुँचा था। अब 5 अगस्त को समारोह के पश्चात पवित्र रज का वितरण प्रदेश के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके बाद यह पवित्र रज सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों तथा मंदिरों तक पहुँचेगे, जहां संत श्री गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि एसएमएस स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, दीया कुमारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। समारोह में 251 संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा तथा प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए पवित्र रज कलशों का विधिवत पूजन एवं वितरण होगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ उपस्थित रहे।

