
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता कमल हासन की फिल्म थग लाइफ की कर्नाटक में रिलीज न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने कर्नाटक सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी को भी फिल्म देखने से रोकने का अधिकार नहीं है, खासकर जब फिल्म को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिल चुका हो। कोर्ट ने राज्य सरकार से एक दिन में इस मुद्दे पर स्थिति साफ करने को कहा और हाईकोर्ट की कार्यवाही को अपने पास ट्रांसफर कर लिया। अगली सुनवाई गुरुवार को होगी।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब कमल हासन ने 24 मई को अपनी फिल्म के ऑडियो लॉन्च इवेंट में कन्नड़ भाषा को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि कन्नड़ तमिल से जन्मी है। इसके बाद कर्नाटक में हासन और उनकी फिल्म का विरोध शुरू हो गया। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने मांग की थी कि जब तक हासन माफी नहीं मांगते, फिल्म की रिलीज रोकी जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट की उस टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई, जिसमें हासन से माफी की बात कही गई थी। कोर्ट ने कहा कि यह कदम उचित नहीं है। फिल्म 5 जून को देशभर में रिलीज हुई थी, लेकिन कर्नाटक में इसे नहीं दिखाया गया।

