स्वच्छता ही सेवा अभियान में शाह और नड्‌डा का श्रमदान:महाराष्ट्र और गुजरात CM ने भी लगाई झाड़ू;PM ने की थी अपील

Front-Page National

नई दिल्ली:-महात्मा गांधी की 154वीं जयंती से पहले आज देशभर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान किया जा रहा है। इसके तहत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश दिया। सितंबर के मन की बात कार्यक्रम में PM मोदी ने 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से एक घंटे के लिए लोगों से स्वच्छता के लिए श्रमदान की अपील की थी।

पीएम मोदी ने इस श्रमदान के लिए एक तारीख, एक घंटा, एक साथ का नारा दिया है। उन्होंने कहा- स्वच्छ भारत एक साझा जिम्मेदारी है और इसका हर प्रयास मायने रखता है। आज के अभियान के लिए देशभर में 6.4 लाख जगहों को चुना गया है।

देशभर में स्वच्छता अभियान के लिए 6.4 लाख जगहें चुनी गईं
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को बताया कि स्वच्छता पखवाड़े की थीम कचरा मुक्त भारत है। देश भर में 6.4 लाख से ज्यादा साइटों को श्रमदान के लिए चुना गया है। इनमें 35 हजार आंगनवाड़ी, 22 हजार बाजार, 7 हजार बस स्टैंड, 1 हजार गौ शालाएं और 300 चिड़ियाघर शामिल हैं।

देशभर में चल रही 29 वंदे भारत ट्रेनों को भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 14 मिनट में साफ करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत भी 1 अक्टूबर से होगी। औपचारिक शुरुआत रेल मंत्रालय अश्विनी वैष्णव दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन में करेंगे।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पहले इस ट्रेन को लगभग 28 मिनट में साफ किया गया और फिर इसे 18 मिनट तक लाया गया। अब इसमें बिना किसी नई तकनीक को शामिल किए केवल 14 मिनट लगेंगे।