पंचायतीराज चुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहने का दावा, जैसलमेर में शेखावत ने की जनसभाएं

Rajasthan Rajasthan-Others

जैसलमेर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के पंचायतीराज चुनावों में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। नगर निकाय चुनावों में मिले जनसमर्थन के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

शेखावत बुधवार को दिल्ली से जैसलमेर पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज और भाजपा जिला अध्यक्ष दलपत सिंह हिंगड़ा सहित कई नेता मौजूद रहे।

जैसलमेर प्रवास के दौरान शेखावत ने भेंसड़ा, ओला और राजमथाई में चुनावी सभाओं और बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया और कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनाव प्रचार को लेकर चर्चा की।

नगर निकाय चुनाव के नतीजों का किया जिक्र

मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि पंचायतीराज चुनावों का ग्रामीण विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में नगर निकाय चुनावों में 70 फीसदी से अधिक स्थानों पर भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। मारवाड़ की 41 नगर निकायों में से 36 में भाजपा को सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के संकल्प के साथ काम कर रही हैं। पंचायतीराज चुनावों में भी जनता का समर्थन भाजपा को मिलेगा।

लोकतांत्रिक परंपराओं का किया उल्लेख

शेखावत ने पंचायतीराज चुनावों में देरी के मुद्दे पर कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद निर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं को भंग करने के बजाय जनप्रतिनिधियों को उनका कार्यकाल पूरा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने राजनीतिक सुविधा के बजाय लोकतांत्रिक परंपराओं और जनता के जनादेश को प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि पंचायत समितियां और जिला परिषद ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास में इनकी भूमिका अहम है।

जैसलमेर में जनजातीय प्रतिनिधित्व पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने जैसलमेर में जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होने को महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दलाराम के समर्थन में समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।

शेखावत ने कहा कि चुनाव में व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता को खुद को प्रत्याशी मानकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कांग्रेस पर लगाए आरोप

शेखावत ने कांग्रेस पर चुनावों के दौरान अफवाहें फैलाने और वोट चोरी जैसे आरोपों के जरिए जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। हार की स्थिति में ईवीएम और प्रशासन पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास को कमजोर करता है।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को आवास, बिजली, गैस कनेक्शन और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किसानों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।

युगे युगीन भारत संग्रहालय को बताया ऐतिहासिक पहल

शेखावत ने नई दिल्ली में विकसित किए जा रहे युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय को भारत की सभ्यतागत विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप बनने वाला यह संग्रहालय भारत की हजारों वर्षों की सभ्यतागत यात्रा, कला, ज्ञान-विज्ञान और सांस्कृतिक परंपराओं को दुनिया के सामने रखेगा।

उनके मुताबिक, यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी भारत की समृद्ध विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।