स्पेन ने फ्रांस को हराकर फीफा विश्व कप फाइनल में बनाई जगह,आज इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच दूसरा सेमीफाइनल

Front-Page International National

रिपोर्टर:हर्षित नागदा

स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

डैलस में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और फ्रांस को लगातार दबाव में रखा। स्पेन की ओर से पहला गोल मिकेल ओयारज़ाबाल ने पेनल्टी पर किया, जबकि दूसरा गोल पेड्रो पोरो ने दागा। दूसरी ओर, किलियन एम्बाप्पे, उस्मान डेम्बेले और माइकल ओलिसे जैसे खिलाड़ियों से सजी फ्रांस की टीम स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सकी।

इस जीत के साथ स्पेन ने विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। टीम का अनुशासित खेल, मजबूत रक्षा और सामूहिक प्रदर्शन उसकी जीत की प्रमुख वजह रहे।

अब फुटबॉल प्रशंसकों की नजर दूसरे सेमीफाइनल पर है, जिसमें मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला अटलांटा में खेला जाएगा और इसकी विजेता टीम 19 जुलाई को फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी, जबकि हारने वाली टीम तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस का सामना करेगी।