जयपुर—
विधाधारनगर विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यशाला में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर जागरूकता बढ़ाने और अभियान को “युद्धस्तर” पर चलाने का आह्वान किया।
दिया कुमारी ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए टीमवर्क और तेज़ कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की तुरंत सूचना दी जाए ताकि उसका समाधान समय पर किया जा सके। उन्होंने महिला संयोजकों की नियुक्ति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे अभियान की गति और प्रभावशीलता बढ़ेगी।
अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में आयोजित घूमर कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता का भी उल्लेख किया और आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में कार्यकर्ताओं की मेहनत महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, विधानसभा संयोजक शैलेंद्र भार्गव, मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर जनसुनवाई भी की, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएँ लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय मुद्दों से अवगत कराया।
दिया कुमारी ने सभी शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को समय पर राहत और समाधान मिल सके।

