किसान कल्याण को समर्पित राज्य सरकार:MSP खरीद योजना का प्रभावी क्रियान्वयन,कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा बोले—मेरे और मुख्यमंत्री के रिश्ते मधुर

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 10 नवंबर। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिले, इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद योजना का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन कर किसानों से बड़े स्तर पर कृषि जिंसों की खरीद की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के बेहतरीन कार्य को देखकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हताश हो चुके है। उन्हें पता होना चाहिए कि मैं और मुख्यमंत्री जी मिलकर काम कर रहे है, हमारे रिश्ते मधुर है। इसी का परिणाम है कि सरकार फ़सल ख़राबे पर राहत एवं एमएसपी के संबंध में निरंतर किसान हित में निर्णय ले रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग दो वर्ष में 25.62 लाख किसानों को 5965 करोड़ रुपए के बीमा क्लेम वितरित किए है। वर्ष 2025 में अतिवृष्टि से प्रभावित 24 जिलों के 14687 ग्रामों के संबंध मे कृषि आदान अनुदान दिए जाने हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। वहीं, अतिवृष्टि से प्रभावित सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत हेतु 960 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन निरंतर खरीदकर किसानों को लाभान्वित कर रही है। हमनें 2 वर्ष से भी कम अवधि के अब तक के कार्यकाल में पूर्ववर्ती सरकार के 5 वर्ष के कार्यकाल की तुलना में विभिन्न जिंसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आनुपातिक दृष्टि से अधिक खरीद कर किसानों को प्रत्यक्ष रुप से लाभान्वित किया गया है। इसके साथ ही, खरीफ-2025 सीजन में एमएसपी पर कृषि जिंस बेचान के लिए बड़ी संख्या में किसानों ने अपना पंजीयन करवाया है।