जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर आतंकवादियों ने पर्यटकों पर फायरिंग कर दी। हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह हमला बैसरन घाटी में हुआ, जहां लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने एक पर्यटक से उसका नाम पूछा और फिर सिर में गोली मार दी। हमले के बाद आतंकी फायरिंग करते हुए भाग निकले। लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
अधिकारियों ने बताया कि हमले में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ स्थानीय भी हैं। हालांकि समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, घायलों की संख्या 20 तक हो सकती है। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि मरने वालों की संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है।
यह फरवरी 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। उस हमले में सीआरपीएफ के 47 जवान शहीद हुए थे।
हमले की सूचना मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब से गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और उन्हें मौके पर जाने के निर्देश दिए। शाह अब श्रीनगर रवाना हो चुके हैं और वहां अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे।
इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से संपर्क कर हालात की जानकारी ली है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हेलिकॉप्टर से निगरानी की जा रही है। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

