27 साल से फरार इनामी आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार,पहचान बदलकर रह रहा था

Jaipur Rajasthan


राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़ी कार्रवाई में 27 साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है।

ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी मनोज उर्फ कुमार, जिस पर तीन जिलों में कुल 26 हजार रुपये का इनाम घोषित था, लंबे समय से पहचान बदलकर रह रहा था और पुलिस से बचता आ रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने के कई मामले दर्ज हैं। साल 1999 में पहला मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था। इसके बाद उसने जयपुर और दिल्ली में ठिकाने बदले और अंततः अहमदाबाद में बस गया, जहां उसने नाम बदलकर प्रिंटिंग प्रेस का काम शुरू कर दिया।

जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि गुजरात से अवैध गतिविधियों से जुड़े कुछ नेटवर्क संचालित हो रहे हैं। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ANTF की टीम ने ‘ऑपरेशन खर-दूषण’ चलाया और अहमदाबाद पहुंचकर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस पर ग्राहक बनकर पहुंचने की योजना बनाई। वहां विवाद की स्थिति पैदा कर मालिक को बुलवाया गया, जिसके बाद फोटो से पहचान मिलान कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने करीब तीन दशकों तक जगह, नाम और पेशा बदलकर कानून से बचने की कोशिश की, लेकिन अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया।अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच की जा रही है।