जयपुर
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित CII महिला लीडरशिप समिट में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और महिला नेतृत्व एवं सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम में आकर अच्छा लगा, जहां महिलाओं को आगे लाने और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस विकास यात्रा में महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं।
दिया कुमारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका आने वाले समय में और बढ़ने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ देशभर की महिलाओं को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रयासों के चलते महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने वाले ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करते हैं।

