जोधपुर में तिरंगा यात्रा:मुख्यमंत्री भजनलाल की मौजूदगी में देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

Rajasthan

जोधपुर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को जोधपुर के गांधी मैदान से जालोरी गेट सर्किल तक ऐतिहासिक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। भाजपा की ओर से आयोजित ये तिरंगा यात्रा उत्साह और उमंग के साथ प्रमुख मार्गों से होती हुई शहर के विभिन्न स्थानों पर रुकी, जहां लोगों ने भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल को गूंजा दिया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 

यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और दिव्यांगजनों ने भाग लिया। देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत और हाथों में तिरंगा लहराते हुए ये सभी उन मां भारती के सपूतों को नमन कर रहे थे, जिन्होंने देश की आज़ादी और सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें एकता, साहस और बलिदान की याद दिलाता है।“ उन्होंने आमजन से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद राजेंद्र गहलोत,  पीपी चौधरी, विधायक अतुल भंसाली,  अर्जुनलाल गर्ग, नगर निगम दक्षिण महापौर सुश्री वनिता सेठ सहित कई जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।