राजस्थान में अब 1 अप्रैल से शुरू होगा नया शैक्षिक सत्र:शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने किए बड़े ऐलान,स्कूलों और दफ्तरों में अनिवार्य होगा राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत

Kota Rajasthan

कोटा।
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलावों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब राज्य के सभी स्कूलों का शैक्षिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। इस फैसले से विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें मिलेंगी और वे गर्मी की छुट्टियों में अध्ययन कर सकेंगे।

कोटा विश्वविद्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिलावर ने बताया कि स्कूल शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और पंचायती राज विभाग के सभी कार्यालयों में अब प्रत्येक दिन की शुरुआत राष्ट्रगान से और समाप्ति राष्ट्रगीत से होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के समय उपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की ही उपस्थिति दर्ज मानी जाएगी।

दिलावर ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों की स्कूल उपस्थिति की जानकारी अब शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिलेगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि बच्चे स्कूल पहुंचे हैं या नहीं।

उन्होंने आगे बताया कि राज्य में सरकारी और निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म अब एक जैसी होगी, जिसमें टाई शामिल नहीं होगी। आने वाले समय में शिक्षकों के लिए भी ड्रेस कोड और पहचान पत्र अनिवार्य किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा, “हमारा उद्देश्य अनुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रभावना को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाना है।”