राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने पुलिस और जिला प्रशासन को सतर्क किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंचीं और एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह ईमेल दोपहर करीब 2 बजे प्राप्त हुआ था। उसी वक्त वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। फिलहाल पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
साइबर सेल की टीमें इस ईमेल की जांच में जुटी हैं ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके। जब तक बिल्डिंग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक कोर्ट की कार्यवाही स्थगित रहेगी।

