दिल्ली के जलभराव में तीन बच्चों की डूबने से मौत:यमुना 4 दिन से खतरे के निशान के ऊपर; सुप्रीम कोर्ट,लाल किला पानी-पानी

Front-Page National

नई दिल्ली:-दिल्ली के मुकुंदपुर में तीन बच्चों की जलभराव में डूबने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि तीनों शव अस्पताल भेजे गए हैं। जलभराव में बच्चे कैसे डूबे, इसकी जांच की जा रही है।

इधर, दिल्ली में 4 दिन से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 208.40 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3.4 मीटर ज्यादा है।

दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया।

हालात बिगड़ते देख CM अरविंद केजरीवाल ने ड्रेनेज ठीक करने के लिए सेना की मदद मांगी। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, ITO के पास 12 नंबर ड्रेनेज का रेगुलेटर टूटने से बाढ़ का पानी आ रहा है। सीएम ने कहा- रेगुलेटर को आज ठीक कर लिया जाएगा।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम अरविंद केजरीवाल ने आईटीओ के पास टूटे ड्रेनेज का निरीक्षण किया। एलजी ने कहा, यह समय किसी को दोष देने या टिप्पणी करने का नहीं है। अभी हमें टीम वर्क करने की जरूरत है। मैं भी बहुत कुछ कह सकता हूं लेकिन अभी इसकी जरूरत नहीं है।

दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स…

  • केजरीवाल ने कहा- यमुना बैराज में 32 में से 5 गेट बंद हैं, जिसकी वजह से पानी बाहर नहीं निकल रहा है। 5 गेट खुल जाएंगे तो पानी का बहाव कम हो जाएगा।
  • दिल्ली सीएम केजरीवाल ने सेना से मदद की मांग की है। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी।
  • सेना ITO के पास टूटे 12 नंबर ड्रेनेज की मरम्मत करेगी। यहीं से यमुना का पानी घुस रहा है।
  • NDRF के DIG मोहसिन शहीदी ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ से 6 जिले प्रभावित हैं।
  • लोगों की मदद के लिए NDRF की 16 टीमें लगाई गई हैं। 2,700 राहत शिविर लगाए गए हैं।
  • राजधानी के सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों में वर्कफ्रॉम होम लागू कर दिया है।
  • लाल किले में पानी भर जाने से टूरिस्ट के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है।
  • यमुना के आस-पास से 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
  • पीएम मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को फोन करके दिल्ली में बाढ़ के हालात का जायजा लिया।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

अलग-अलग राज्यों के मौसम से जुड़े अपडेट्स..

  • मौसम विभाग ने 14 जुलाई को वेस्ट बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, इन इलाकों में 204 मिमी तक बारिश हो सकती है।
  • उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी अपने रिकॉर्ड लेवल पर है। यहां रायसी में गंगा का जलस्तर 232.67 मीटर दर्ज हुआ, जबकि पिछला रिकॉर्ड 232.24 मीटर का है।
  • राज्य के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश समेत पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट है। 39 ग्रामीण और 4 स्टेट हाईवे बंद हैं।
  • उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी यमुना नदी उफान पर है। यहां खतरे का निशान 166 मीटर पर है और गुरुवार शाम यमुना 165.2 मी. पर पहुंच गई।
  • हिमाचल में 18 घंटे चले ऑपरेशन में लाहौल-स्पीति के चंद्रताल में फंसे 293 पर्यटकों को बचा लिया गया है। हिमाचल में अब तक 91 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, 1000 रास्ते अभी भी बंद हैं।
  • हरियाणा के 10 शहरों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अंबाला में बाढ़ का पानी लगभग उतर गया है, लेकिन 15 जुलाई के बाद मानसून फिर एक्टिव होने के आसार हैं।