अलवर, 13 अक्टूबर — राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने सोमवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के उमरैण और मालाखेड़ा ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली। यह बैठक कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित की गई।
जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता देश की एकता बनाए रखते हुए पार्टी को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि प्रत्येक जिले और ब्लॉक में ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं, जो स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता से रायशुमारी कर पार्टी के विस्तार की रणनीति तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक संगठनात्मक पहल नहीं, बल्कि कांग्रेस को “नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला कदम” है।
जूली ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और कांग्रेस की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए संगठन की मौजूदा स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी का गठन समावेशी होगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों की भागीदारी प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाएगी। संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया दीपावली के बाद पूरी की जाएगी।
टीकाराम जूली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ मजबूती से लड़ें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जूली ने कहा, “आज लोकतंत्र खतरे में है, लेकिन देश की जनता कांग्रेस के साथ है और यह तानाशाही रवैए को माकूल जवाब देगी।”
बैठक में एआईसीसी ऑब्जर्वर सलीम अहमद, पीसीसी ऑब्जर्वर इंद्राज गुर्जर, जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा, मालाखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सावित्री नरेंद्र मीणा, उमरैण ब्लॉक अध्यक्ष जफरु खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

