जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अमायरा की स्कूल बिल्डिंग की पांचवीं मंज़िल से गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची झाड़ियों पर गिरी लेकिन गिरते समय उसका सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। हादसे के बाद स्कूल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और छात्रा को मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना उस जगह हुई जहां सीढ़ियों के पास सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरने की वजह क्या थी।
घटना के बाद अभिभावक संघ ने स्कूल प्रशासन पर सुरक्षा लापरवाही का आरोप लगाया है। अभिभावक संघ के संयुक्त सचिव अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा,
“यह बेहद दुखद घटना है। स्कूल को छात्रों की सुरक्षा के प्रति और अधिक सतर्क रहना चाहिए।”
पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल में सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की जा रही है।

