कोटा में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल वैन बोलेरो से टकराकर पलटी, दो बच्चों की मौत, दस से अधिक घायल

Breaking-News Rajasthan Rajasthan-Others

कोटा, राजस्थान — कोटा जिले के इटावा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक स्कूल वैन का टायर फटने के बाद बोलेरो से टकरा कर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह करीब 8 बजे गेता रोड पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई बच्चे वैन से उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे, जबकि कुछ बच्चे वाहन के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें उपजिला अस्पताल, इटावा पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि कक्षा 4 की छात्रा पारुल और कक्षा 10 की छात्रा तनु नागर को बचाया नहीं जा सका। वहीं, चार गंभीर रूप से घायल बच्चों को कोटा रेफर किया गया है।

डीएसपी शुभम जोशी ने बताया कि वैन गुमानपुरा स्थित ‘स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस’ की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैन का टायर फटने से नियंत्रण खो गया, जिससे वह बोलेरो से टकराई और दोनों वाहन पलट गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी, कुछ बच्चे बेहोश थे तो कुछ मदद के लिए रो रहे थे।

ओवरलोडिंग और लापरवाही का आरोप

जांच में सामने आया है कि वैन में 7 सीटों की क्षमता थी, लेकिन 12 बच्चे सवार थे। वाहन एक प्राइवेट नंबर प्लेट पर चल रहा था और स्कूल वैन के नियमों का पालन नहीं किया गया था।

अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी शुभम जोशी ने कहा कि “वैन मालिक और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है, लापरवाही साबित होने पर सख्त कार्रवाई होगी।”

पिछले पांच साल में 568 बच्चों की मौत

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में पिछले पांच वर्षों में विभिन्न दुर्घटनाओं में 568 स्कूली बच्चों की मौत हुई है। इनमें स्कूल बस हादसे, करंट लगना, डूबना और भवन गिरने जैसी घटनाएं शामिल हैं। हाल ही में यह जानकारी विधानसभा में सरकार की ओर से दी गई थी।