टी .आर सैनी
नैनवां,26 जून । करवर थाना क्षेत्र के फटूकड़ा गांव निवासी दो चचेरे किशोर भाइयों की फार्म पॉन्ड में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फटूकड़ा निवासी किरोड़ी पुत्र हेमराज और अंकित पुत्र सूरजमल किसी पारिवारिक कार्यक्रम में बिजलबा गांव गए हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों गांव के पास खेत में बने फार्म पॉन्ड में नहाने चले गए। उनके साथ एक तीसरा बालक भी था, जो तैरना जानता था।
नहाने के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तीसरे बालक ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी। सूचना मिलते ही नैनवां थाना पुलिस एवं 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से दोनों किशोरों को फार्म पॉन्ड से बाहर निकाला गया।
दोनों को एंबुलेंस से नैनवां उपजिला चिकित्सालय लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक किरोड़ी पुत्र हेमराज एवं अंकित पुत्र सूरजमल आपस में चचेरे भाई थे तथा दोनों करवर थाना क्षेत्र के फटूकड़ा गांव के निवासी थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

