जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा के त्राल इलाके में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं, जबकि एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका के चलते ऑपरेशन जारी है। जानकारी के अनुसार, त्राल के नादेर गांव में 2-3 आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
यह मुठभेड़ पिछले तीन दिनों में जम्मू-कश्मीर में दूसरा बड़ा एनकाउंटर है। इससे पहले 13 मई को शोपियां जिले के केलर इलाके में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकी मारे गए थे। इसके अगले ही दिन, सुरक्षाबलों ने वहां से बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए।
इसी बीच, केंद्र सरकार ने बुधवार को जानकारी दी कि हाल ही में संपन्न हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के दो प्रमुख एयरबेस — नूर खान और रहीम यार खान — को महज 23 मिनट में तबाह कर दिया था। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के मुताबिक, इस ऑपरेशन में भारत की डिफेंस तकनीकों ने पाकिस्तान को चीन और तुर्किये द्वारा दिए गए हथियारों को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
PIB ने बताया कि इस कार्रवाई में भारतीय रक्षा प्रणालियों — पेचोरा, OSA-AK और आकाश मिसाइल सिस्टम — का उपयोग किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि भारतीय वायुसेना ने चीन के डिफेंस नेटवर्क को जाम करते हुए हमला अंजाम दिया।

