केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निखिल खड़से का SMS स्टेडियम दौरा;खिलाड़ियों से बातचीत,खेल सुविधाओं और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की सराहना

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 5 दिसम्बर। युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री, भारत सरकार रक्षा निखिल खड़से ने शुक्रवार को पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 के समापन समारोह के बाद सवाई मान सिंह स्टेडियम का दौरा किया।

रक्षा निखिल खड़से ने सवाई मान सिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स ट्रैक, स्विमिंग पूल, इंडोर स्टेडियम, बैडमिंटन हॉल का दौरा किया तथा यहाँ उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। इस दौरान उन्होंने एथलेटिक ट्रैक और बैडमिंटन हॉल में मौजूद खिलाड़ियों से भी बात की। उन्होंने स्टेडियम स्थित मंदिर में भी पूजा अर्चना की।

उन्होंने खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के भव्य आयोजन की भी खूब सराहना की। राजस्थान में सात जगहों पर इसका आयोजन हुआ। लगभग पाँच हज़ार एथलीट ने इसमें भाग लिया।

इस दौरान उनके साथ शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग तथा अध्यक्ष राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद डा. नीरज के. पवन, डिप्टी डायरेक्टर जनरल साईं मयंक श्रीवास्तव, संयुक्त शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग तथा सचिव राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद नीतू बारूपाल भी मौजूद थी।