जोधपुर(शेरगढ़):-केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शनिवार को जोधपुर और शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने “जंगल राज बनाम विकासवाद” के मुद्दे पर एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश में अब नकारात्मक और झूठे नैरेटिव की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि जो दल सरकार बनाने के दावे कर रहे थे, वे दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
कश्मीर में पुलिस थाने के पास हुए विस्फोट पर शेखावत ने कहा कि सरकार आतंकवाद के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति पर प्रतिबद्ध है। उन्होंने 2900 किलो विस्फोटक की हालिया बरामदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता के साथ काम कर रही हैं और दोषियों को “निस्तनाबूत” किए बिना नहीं छोड़ा जाएगा।
जोधपुर पहुंचने पर शेखावत का स्वागत शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने किया। इसके बाद उन्होंने शेरगढ़ क्षेत्र में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। आगोलाई, उदयसर, कुई इंदा और सेखाला सहित अनेक स्थानों पर जलाशय, पाइपलाइन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय कक्ष, सार्वजनिक सुविधाएं और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। शेखावत ने कई मंदिरों में दर्शन किए और विद्यालय प्रांगणों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
शेखावत ने बालेसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सांसद खेल महोत्सव के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। रस्साकशी प्रतियोगिता से इसकी शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि “युवा ऊर्जा ही भारत को महाशक्ति बनाएगी।” उन्होंने इसे सिर्फ खेल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि “विकसित भारत” के निर्माण में युवा भागीदारी का प्रतीक बताया। शेखावत ने कहा कि देश के हर विद्यालय में खेल अवसंरचना तैयार करने का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के अभियान में शामिल होने का आह्वान भी किया और बताया कि अब तक दो करोड़ लोग इस अभियान में अपनी आवाज दे चुके हैं।
अपने प्रवास के अंतिम चरण में शेखावत ने सेखाला में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनजातीय क्षेत्रों सहित सभी क्षेत्रों में विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया।

