अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब को 48 F-35 लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस डील की अनुमानित कीमत करीब 24 अरब डॉलर यानी लगभग 2.3 लाख करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, सौदा आगे बढ़ने से पहले अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रस्ताव के बीच अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने F-35 की संवेदनशील तकनीक की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) की एक रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि चीन सऊदी अरब में जासूसी या सैन्य सहयोग के जरिए इस विमान से जुड़ी तकनीक हासिल करने की कोशिश कर सकता है।
F-35 की तकनीक को लेकर क्या है चिंता?
F-35 अमेरिका के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमानों में शामिल है। इसमें आधुनिक रडार, निगरानी और अन्य संवेदनशील सैन्य प्रणालियां लगी हैं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इन प्रणालियों से जुड़ी जानकारी चीन तक पहुंचने पर अमेरिकी सैन्य तकनीक की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि F-35 से संबंधित संवेदनशील सुविधाओं तक पहुंच केवल अधिकृत अमेरिकी और सऊदी अधिकारियों तथा कर्मचारियों तक सीमित रखी जाए।
सऊदी अरब के चीन से रिश्ते भी चिंता की वजह
सऊदी अरब और चीन के बीच पिछले कुछ वर्षों में सैन्य और तकनीकी सहयोग बढ़ा है। सऊदी अरब चीन से बैलिस्टिक मिसाइलें खरीदता है और दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग रहा है।
इसके अलावा सऊदी अरब के दूरसंचार और अन्य बुनियादी ढांचे में चीनी कंपनियों Huawei और ZTE के उपकरणों का इस्तेमाल होता है। अमेरिकी अधिकारियों ने इन तकनीकी संबंधों को लेकर पहले भी सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए हैं।
UAE को F-35 देने के दौरान भी उठी थी ऐसी चिंता
अमेरिका इससे पहले भी खाड़ी देशों को F-35 विमान बेचने के मामले में चीन से जुड़े सुरक्षा जोखिमों पर विचार करता रहा है।
2020 में ट्रंप प्रशासन ने संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE को F-35 विमान बेचने के प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। उस समय भी UAE के चीन के साथ बढ़ते सैन्य और तकनीकी संबंधों को लेकर अमेरिकी एजेंसियों ने चिंता जताई थी। बाद में यह बिक्री प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
सऊदी अरब को F-35 देने के प्रस्ताव को लेकर इजराइल की सैन्य बढ़त का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। इजराइल फिलहाल मध्य-पूर्व का एकमात्र देश है जिसके पास F-35 विमान हैं।
अमेरिका लंबे समय से मध्य-पूर्व में इजराइल की सैन्य बढ़त बनाए रखने की नीति पर जोर देता रहा है। ऐसे में सऊदी अरब को F-35 देने के मामले में इस पहलू पर भी विचार किया जा रहा है।
सऊदी अरब को विमान मिलने में लग सकते हैं कई साल
अमेरिकी विदेश विभाग ने जून में 48 F-35 विमानों और एक अतिरिक्त इंजन की बिक्री का प्रस्ताव कांग्रेस की दो समितियों को भेजा था।
F-35 विमान अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन बनाती है। डील को मंजूरी मिलने के बाद भी विमानों के निर्माण और उनकी डिलीवरी में कई साल लग सकते हैं।
सऊदी अरब लंबे समय से F-35 खरीदने में दिलचस्पी दिखाता रहा है। अमेरिका और सऊदी अरब के बीच दशकों पुराने रक्षा संबंध हैं और सऊदी अरब अमेरिकी हथियारों का एक बड़ा खरीदार भी है।

