अमेरिका ने बलूच लिबरेशन आर्मी को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया

Breaking-News International

अमेरिका ने बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) और उसके सहयोगी मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकी संगठन (FTO) की सूची में डाल दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार देर रात इस फैसले की घोषणा की।

रुबियो के मुताबिक, BLA ने 2024 में कराची एयरपोर्ट के पास और ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स में आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी। मार्च 2025 में इस संगठन ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक करने का दावा भी किया था, जिसमें 31 लोगों की मौत हुई और 300 से अधिक यात्री बंधक बनाए गए।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि यह कदम ट्रम्प प्रशासन की आतंकवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता को दर्शाता है और इसका मकसद आतंकी संगठनों को मिलने वाले वित्तीय और अन्य सहयोग को रोकना है।

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर अमेरिका के दौरे पर हैं। यह डेढ़ महीने में उनकी दूसरी यात्रा है।

BLA, बलूचिस्तान की स्वतंत्रता के लिए सक्रिय एक सशस्त्र संगठन है, जो पाकिस्तानी सेना, सरकारी संस्थानों और चीन समर्थित प्रोजेक्ट्स जैसे CPEC को निशाना बनाता रहा है। अमेरिका की कार्रवाई इमिग्रेशन एंड नेशनलिटी एक्ट की धारा 219 और एग्जीक्यूटिव ऑर्डर 13224 के तहत की गई है।

इससे पहले जुलाई 2025 में अमेरिका ने पाकिस्तान समर्थित ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) को भी आतंकी संगठन घोषित किया था।