अमेरिका ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटाया,ट्रम्प का दावा—रूस से तेल खरीद बंद करेगा भारत

Breaking-News Front-Page International National

अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल (जैसे को तैसा) टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी घोषणा की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टैरिफ में कटौती का स्वागत करते हुए इसे ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के लिए सकारात्मक कदम बताया।

राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी बातचीत हुई है, जिसमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रम्प के मुताबिक, इस बातचीत में भारत ने रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमति जताई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत अमेरिका से ऊर्जा, तकनीक, कृषि और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर से अधिक की खरीद करेगा।

हालांकि, रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ के भविष्य पर दोनों नेताओं की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। अमेरिका ने अगस्त 2025 में भारत पर दो चरणों में टैरिफ लगाए थे—पहला व्यापार घाटे को लेकर और दूसरा रूस से तेल खरीदने के कारण।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत होना भारत के लिए संतोषजनक है। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने वाला कदम बताया और कहा कि दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने से वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

ट्रम्प ने इसी दौरान भारत से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें इंडिया गेट की फोटो और प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक मैगजीन कवर शामिल था। इंडिया गेट की तस्वीर के साथ उन्होंने इसे ‘खूबसूरत’ बताते हुए वाशिंगटन में प्रस्तावित अपने स्मारक की तुलना भी की।

पिछले करीब 13 महीनों में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच सात बार फोन पर बातचीत हो चुकी है। इन चर्चाओं में व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

ट्रम्प ने इससे एक दिन पहले यह भी दावा किया था कि भारत ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेगा, हालांकि इस पर भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।