जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम, 2025 ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में मनरेगा कमजोर प्रशासन और भ्रष्टाचार के कारण अपने उद्देश्य पूरे नहीं कर सका।
सीएमओ में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा के तहत किए गए अधिकांश कार्य गांवों की समग्र विकास योजनाओं से नहीं जुड़ पाए। अस्थायी सड़कों, अधूरी जल संरचनाओं और बिना दीर्घकालिक उपयोगिता वाले कार्यों पर धन खर्च हुआ। फर्जी जॉब कार्ड, नकली लाभार्थी और मजदूरी भुगतान में अनियमितताओं के कारण योजना की पारदर्शिता भी प्रभावित रही।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि नए वीबी-जी राम जी अधिनियम-2025 में इन सभी कमियों को दूर किया गया है। इसके तहत ग्रामीण रोजगार की कानूनी गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। उन्होंने बताया कि छोटे किसान और श्रमिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्यों को खेती के मौसम में 60 दिनों का कार्य विराम घोषित करने का अधिकार भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नए कानून के तहत जल संसाधन, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका अवसंरचना और आपदा प्रबंधन से जुड़े ठोस व टिकाऊ कार्य कराए जाएंगे। जियो-टैगिंग, सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल ऐप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। हर छह माह में डिजिटल तथ्यों के साथ सोशल ऑडिट अनिवार्य की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मजदूरी का भुगतान अब हर सप्ताह अनिवार्य होगा और दो सप्ताह से अधिक देरी होने पर स्वतः मुआवजा मिलेगा। प्रशासनिक व्यय की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दी गई है, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि विपक्ष इस कानून को लेकर भ्रम और दुष्प्रचार फैला रहा है, जबकि यह सहकारी संघवाद का मॉडल है, जिसमें राज्यों की 40 प्रतिशत भागीदारी से जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि नए कानून से पीएम गतिशक्ति से जुड़े जल, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे के कार्य गांवों में योजनाबद्ध तरीके से कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी-जी राम जी अधिनियम ग्रामीण भारत को विकसित भारत के रोडमैप से जोड़ने का मजबूत आधार बनेगा और जनता तक इसकी वास्तविक खूबियां पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

