विकसित राजस्थान-2047:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25-26 अगस्त को सांसद-विधायकों संग करेंगे मैराथन बैठकें

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 और 26 अगस्त को लगातार दो दिन तक मुख्यमंत्री निवास पर विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प पर भाजपा सांसद और विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद में सांसद और विधायक प्रत्याशी के साथ ही भाजपा के जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे।

विभिन्न सत्रों में आयोजित संवाद के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन तक राजकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने और बजट घोषणाओं की क्रियान्विति और प्रगति पर संवाद करेंगे। साथ ही, शर्मा आगामी विधानसभा सत्र, प्रस्तावित खेलो इंडिया गेम्स और आगामी दिसंबर में प्रस्तावित राइजिंग-राजस्थान पार्टनरशिप कॉन्क्लेव की तैयारियों के संबंध में भी गहन चर्चा करेंगे।

संगठनात्मक विषयों पर भी होगा मंथन
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री भाजपा के संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा करेंगे। पूर्ववर्ती कांग्रेस और वर्तमान भाजपा सरकार की तुलनात्मक विवेचना और गांव-ढाणी से लेकर कस्बों तक भाजपा के संगठन को और सशक्त करने जैसे प्रमुख बिन्दु इस संवाद में शामिल किए गए है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार (25 अगस्त) को प्रथम सत्र में कोटा सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, झालावाड-बारां सांसद दुष्यन्त सिंह, टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा प्रत्याशी सुखवीर सिंह जौनपुरिया, भरतपुर लोकसभा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली तथा करौली-धौलपुर लोकसभा प्रत्याशी इन्दू देवी के साथ संवाद करेंगे। दूसरे सत्र में मुख्यमंत्री उदयपुर सांसद मन्ना लाल रावत, राजसमन्द सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, चित्तोड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल और बांसवाड़ा लोकसभा प्रत्याशी महेन्द्रजीत सिंह मालवीया से चर्चा करेंगे।

मंगलवार (26 अगस्त) को मुख्यमंत्री पहले सत्र में बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल, श्रीगंगानगर प्रत्याशी प्रियंका बालन मेघवाल, झुन्झूनूं प्रत्याशी शुभकरण चौधरी, सीकर प्रत्याशी सुमेदानन्द सरस्वती और चूरू प्रत्याशी देवेन्द्र झाझड़िया से संवाद करेंगे। दूसरे सत्र में शर्मा जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत, जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, नागौर प्रत्याशी ज्योति मिर्धा और बाड़मेर प्रत्याशी कैलाश चौधरी के साथ चर्चा करेंगे। तीसरे सत्र में मुख्यमंत्री की जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी और दौसा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा के साथ चर्चा ।