2030 तक राजस्थान को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे:सीएम भजनलाल शर्मा;बिजली-पानी को दी सर्वोच्च प्राथमिकता,आमजन में बढ़ाया विश्वास,अपराधियों में जगाया भय

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 06 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के एक होटल में एक न्यूज चैनल के समिट में शिरकत की। इस दौरान शर्मा ने अपने साक्षात्कार में राज्य सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और विजन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उनके साक्षात्कार के प्रमुख अंश निम्नलिखित हैं।

हमारी सरकार विशेष कार्ययोजना पर कार्य करते हुए प्रदेश का विकास कर रही है। हमने युवा, महिला, किसान और मजदूर के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। देश के सबसे बड़े राज्य राजस्थान में बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, उद्योग, खनन सहित कई क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार भविष्य की आवश्यकताओं के क्रम में नीति निर्माण कर योजनाओं की क्रियान्विति कर रही है। हम राजस्थान को 2030 तक 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को अग्रणी और विकसित बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। इस समिट की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसमें 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

राजस्थान की धरती को पानी मिल जाए तो यह सोना उगलती है। हमने पानी-बिजली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने महत्वाकांक्षी रामजल सेतु लिंक परियोजना (ईआरसीपी) पर मध्यप्रदेश सरकार और भारत सरकार के साथ एमओयू किया। इस परियोजना में तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के 17 जिलों का इससे फायदा होगा। वहीं, कई दशकों से लंबित यमुना जल परियोजना पर एमओयू भी किया। इसकी डीपीआर का कार्य प्रारंभ करने के साथ ही हमने संयुक्त टास्क फोर्स का गठन भी कर दिया गया है। यह परियोजना शेखावटी क्षेत्र में यमुना का पानी उपलब्ध कराएगी। साथ ही, इंदिरा गांधी और गंगनहर परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भी लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया।

पूर्ववर्ती सरकार के समय राजस्थान अपराधों का गढ़ बन गया था। हमारी सरकार के कार्यकाल में अपराधों में कमी आई है। आज बाहर से अपराधी राजस्थान आते ही नहीं हैं, और आ गए तो वापस जाते नहीं हैं। हमारी सरकार ने आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा किया है। साथ ही, राज्य सरकार ने पुलिस को सशक्त करने के लिए पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध कराए हैं, ताकि कानून व्यवस्था दुरुस्त रहे। हम 10 हजार से ज्यादा कांस्टेबल और एक हजार से ज्यादा सब-इन्सपेक्टर की भर्ती कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री, पार्टी कार्यकर्ताओं ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, मैं उसे पूरा करने में दिनरात लगा हुआ हूं, लेकिन विपक्ष की अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रही है। विपक्ष के नेताओं को जनता के मुद्दे उठाने चाहिए, पर ये केवल व्यक्तिगत टिप्पिणियां करते हैं। कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई इतनी ज्यादा है कि एक दूसरे से बड़ा नेता दिखने के लिए बयानों की होड़ लगी रहती है। हमने विधानसभा उपचुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन कर सात में से पांच सीटें जीती। ये जनता के विश्वास का परिणाम है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन की सरकार तेजी से काम कर रही है। हमने डेढ़ साल में पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल से अधिक कार्य किया है। संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस केवल परिवारवाद, वंशवाद, तुष्टीकरण और जातिवाद का प्रतीक है। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने जल जीवन मिशन को रसातल में पहुंचा दिया था। हमारी सरकार ने जल जीवन मिशन को फिर से पटरी पर लाने का काम किया है।