बिहार में महिला रोजगार योजना की शुरुआत,PM मोदी ने 75 लाख महिलाओं को दिए सीधे लाभ

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की और 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जन-धन योजना के बिना आज इतने बड़े पैमाने पर सीधी सहायता संभव नहीं होती। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब योजना का पैसा बिना किसी कटौती के सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां पुलिस बल से लेकर लड़ाकू विमान तक उड़ा रही हैं। उन्होंने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि राजद शासन के समय अराजकता और नक्सली आतंक का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ा था। मोदी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार में कानून का राज लौटा है और महिलाएं अब ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं से सीधी बातचीत के दौरान भोजपुर की रीता देवी और गया की नूर जहां खातून की बातें सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुरा दिए और उनकी सराहना की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कहा कि NDA सरकार बनने के बाद से बिहार में महिला सशक्तिकरण और विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “ये तो हटे तो पत्नी को सीएम बना दिया। उनका ध्यान केवल परिवार पर है, जबकि हम जनता के लिए काम करते हैं।”

इस योजना को बिहार में महिला आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।