20 अप्रेल, जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 अप्रेल को महिलाओं के लिए स्वर्णिम दिन बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए, लेकिन विपक्षी दलों ने एकजुट होकर इस दिन को आधी आबादी के लिए काला अध्याय बना दिया। देश की महिला शक्ति इसके लिए विरोधी दलों को कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आधी आबादी को उनका पूरा हक जरूर दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को जयपुर में महिला जन आक्रोश यात्रा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महिला जन आक्रोश यात्रा को झंडा दिखा कर रवाना किया। यात्रा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में हमेशा से महिलाओं के सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। हमारी भाजपा सरकार ने नीति निमार्ण में नारी शक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की सबसे बड़ी पंचायत में लेकर आए। परिवारवादी मानसिकता वाले राजनीतिक दल कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी ने संसद में एकजुट होकर इस अधिनियम को गिराने का काम किया। महिलाओं के हक को हथियाने और आधी आबादी के सपनों को कुचलने की इस साजिश के लिए विपक्ष को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रहित जो भी कार्य करती है, उसका विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। इन्होंने धारा 370 हटाये जाने एवं समान नागरिक संहिता का विरोध किया। इतना ही नहीं इन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना के शौर्य पर भी सवाल उठाए।
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि हमारा समाज और देश तभी प्रगति करेगा, जब महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदारी निभाएंगी। मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार 2014 से लगातार महिला उत्थान के लिए कार्य कर रही है। हमारी डबल इंजन की सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री जन-धन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का कार्य किया जा रहा हैं
शर्मा ने कहा कि महिला विरोधी मानसिकता वाले विपक्षी दलों को यह नहीं भूलना चाहिए कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान का सपना नेतृत्व से लेकर नीति निर्माण में महिलाओं की सहभागिता के बिना संभव नहीं होगा। कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन किया उन्होंने महिला अधिकारों की बात तो कि लेकिन नेतृत्व में महिलाओं के इस अधिकार को लेकर कभी आगे बढ़ने की जहमत नहीं उठाई।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए, लेकिन विपक्ष और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध किया, यह शर्म की बात है। इन्होंने आम महिलाओं को मिलने वाले अवसर को छीन लिया। महिलाओं के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस रैली के माध्यम से महिला विरोधी दलों को मुंहतोड़ जबाव दिया जाएगा।
महिला जन आक्रोश यात्रा में राज्यमंत्री मंजू बाघमार, सांसद मंजू शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

