नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच 13,500 कैदी फरार,झड़प में पांच नाबालिगों की मौत

Front-Page International

नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी हिंसक प्रदर्शनों का असर जेलों तक पहुंच गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 13,500 से ज्यादा कैदी फरार हो गए हैं, जबकि हिरासत में लिए गए 560 आरोपी भी भाग निकले।

पश्चिमी नेपाल की एक जेल में सुरक्षाकर्मियों और कैदियों के बीच हुई झड़प के दौरान पुलिस गोलीबारी में पांच नाबालिग कैदियों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस का कहना है कि कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की कोशिश की, जिसके बाद गोली चलानी पड़ी।

अब तक के प्रदर्शनों में एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 30 की मौत हो चुकी है। इस बीच, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं। उन्हें देश के युवा, खासकर जेन-ज़ी का समर्थन मिल रहा है।