कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाना उनका काम नहीं है, यह फैसला हाईकमान करेगा। कोटा में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने जाते समय टोंक बाईपास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोला।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार में ट्रांसफर और फैसले आरएसएस के इशारों पर हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आरएसएस कभी चुनाव नहीं लड़ता, लेकिन बीजेपी की सत्ता आने पर वही सरकार चलाता है। यह हमारा दुर्भाग्य है।”
उन्होंने नेपाल और बांग्लादेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में भी एजेंसियों के दुरुपयोग और तानाशाही से आक्रोश बढ़ रहा है। “जनता परेशान है और हालात चिंताजनक हैं, लेकिन प्रधानमंत्री विदेशों में व्यस्त हैं।”
सचिन पायलट के भविष्य को लेकर उन्होंने दोहराया कि यह न उनका और न मीडिया का काम है, बल्कि निर्णय हाईकमान का होगा।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रदेश में तबाही मची, लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी। उन्होंने कहा, “ऐसी निकम्मी सरकार आज तक नहीं देखी।”
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर भी उन्होंने पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष को धमकाया जा रहा है। डोटासरा ने यह भी दावा किया कि पंचायत और निकाय चुनाव टालकर सरकार संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी कर रही है।

