राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:25 IAS और 9 IPS अधिकारियों के तबादले

Rajasthan

राजस्थान सरकार ने राज्य की ब्यूरोक्रेसी में व्यापक बदलाव करते हुए 25 IAS और 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेशों में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी सूची के अनुसार, टी. रविकांत को प्रमुख शासन सचिव, राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग बनाया गया है, जबकि भवानी सिंह देथा को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विकास सीतारामजी भाले को पशुपालन, मत्स्य एवं गौपालन विभाग का प्रमुख शासन सचिव नियुक्त किया गया है।

देबाशीष पृष्टि को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं कृष्ण कुणाल को ग्रामीण विकास विभाग का शासन सचिव नियुक्त किया गया है। नीरज के. पवन को इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान का महानिदेशक बनाया गया है।

डॉ. समित शर्मा को शासन सचिव एवं पंजीयक, सहकारिता विभाग का दायित्व सौंपा गया है, जबकि आरुषी मलिक को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में शासन सचिव एवं आयुक्त नियुक्त किया गया है। डॉ. जोगाराम को पंचायतीराज विभाग में शासन सचिव एवं आयुक्त बनाया गया है।

पूर्ण चंद्र किशन को श्रम, कारखाना एवं बॉयलर निरीक्षण तथा ESI विभाग का शासन सचिव नियुक्त किया गया है। पी. रमेश को उदयपुर स्थित राज्य खान एवं खनिज निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

इसके अलावा पूनम को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायतीराज में शासन सचिव बनाया गया है। आरती डोगरा को ऊर्जा विभाग, वे. सरवण कुमार को जयपुर का संभागीय आयुक्त और आनंदी को वाणिज्यिक कर विभाग, जयपुर का आयुक्त नियुक्त किया गया है। शुचि त्यागी को पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने और विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।