जयपुर, 4 अक्टूबर। राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में हनुमानगढ़ ज़िला हैंडबॉल संघ द्वारा 30वीं राजस्थान राज्य सब-जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता (बालक व बालिका वर्ग) का आयोजन 5 से 8 अक्टूबर तक हनुमानगढ़ में किया जा रहा है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 51 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 32 बालक और 19 बालिका वर्ग की टीमें शामिल हैं।
राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया कि मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए चार ग्राउंड तैयार किए गए हैं, जिन पर बालक वर्ग के 60 और बालिका वर्ग के 48 मैच आयोजित होंगे। साथ ही, आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए राज्य बालक और बालिका टीमों के 30-30 संभावित खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा।
राज्य संघ के अध्यक्ष ललित कुमार कलाल ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ बालक खिलाड़ी को स्वर्गीय अमृत कुमार नाटा की स्मृति में और सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी को स्वर्गीय इरफान अली गौड़ की स्मृति में नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की टीमों को आठ और बालिका वर्ग की टीमों को चार पूल में विभाजित किया गया है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर, अलवर, अजमेर, हनुमानगढ़ सहित प्रदेशभर से टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।

